/सोलन में ओल्ड ऐज हेल्पलाइन सोसाइटी का 24वां स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न

सोलन में ओल्ड ऐज हेल्पलाइन सोसाइटी का 24वां स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न

सोलन, 22अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा

ओल्ड ऐज हेल्पलाइन सोसाइटी, सोलन ने आज बुध वार को अपना 24वां स्थापना दिवस दुर्गा क्लब में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया।

मिली जानकारी के मुताबिक इस अवसर पर सोसाइटी के लगभग 50 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वयोवृद्ध सर्वश्री एस.एस. चौहान एवं टी.एल. भारद्वाज उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान सोसाइटी द्वारा पिछले वर्षों में किए गए समाजसेवी कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया गया। इनमें जिला के स्कूलों में तपेदिक उन्मूलन के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करना, गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाना तथा सोलन शहर में आम जनता की सुविधा के लिए शाम 5:30 बजे से 8:00 बजे तक प्रशासनिक सहयोग से ट्रैफिक बंद के नियमों को लागू करवाने में महत्वपूर्ण योगदान शामिल रहा।

इस अवसर पर 90 वर्ष पूर्ण करने वाले बाबू लाल गोयल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रोफेसर आर.के. पठानिया, के.एल. ठाकुर, आर.के. गौतम और कमलेश ओबरॉय को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सोसाइटी में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बी.एन. कोरला और एस.आर. गर्ग को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सोसाइटी के प्रधान कुँवर शैलेन्द्र सिंह ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए सम्मेलन में भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया।

वहीं महासचिव नेगी ने सोसाइटी की वार्षिक लेखा-जोखा रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।