/दून विधायक द्वारा 66 करोड़ की सड़क परियोजना का शुभारंभ

दून विधायक द्वारा 66 करोड़ की सड़क परियोजना का शुभारंभ

अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : रामकुमार चौधरी

बद्दी 25 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने ग्राम पंचायत हरिपुर संडोली के गांव शीतलपुर में नाबार्ड के माध्यम से लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली शीतलपुर-जगातखाना सड़क परियोजना (वाया दासो माजरा, चुंडी, सरसा पार) का विधिवत शुभारंभ किया।

विधायक ने बताया कि इस सड़क परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने बद्दी प्रवास के दौरान किया था।

वर्ष 2022-23 की विधायक प्राथमिकता में इस परियोजना को शामिल किया गया, जिसे प्रदेश सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब कार्य शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह सड़क बद्दी-नालागढ़ मुख्य मार्ग के जीरो प्वाइंट से हरियाणा सीमा के साथ जगातखाना तक जुड़ेगी, जिससे क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में सड़क को डबल लेन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि भविष्य में प्रस्तावित ‘हिम चंडीगढ़ शहर’ को देखते हुए इसे फोरलेन बनाने का प्रयास किया जाएगा।

रामकुमार चौधरी ने बताया कि मिर्जापुर क्षेत्र से होकर पंजाब-हिमाचल सीमा के साथ एक अन्य फोरलेन सड़क भी प्रस्तावित है, जिसे चंडीगढ़ शहर से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा सरसा पार क्षेत्र के 14-15 गांवों के लिए बद्दी-शीतलपुर पुल और दासोमाजरा पुल का निर्माण हो चुका है, जबकि चुंडी गांव के पास पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने ‘हिम चंडीगढ़ शहर’ परियोजना को क्षेत्र के लिए रोजगार, व्यापार और औद्योगिक अवसरों का नया द्वार बताते हुए कहा कि इसके लिए किसी निजी भूमि का अधिग्रहण नहीं होगा, बल्कि केवल लगभग 7 हजार बीघा सरकारी भूमि पर यह विकास कार्य किया जाएगा।

पंचायत चुनावों को लेकर विधायक ने लोगों से आपसी सहमति से निर्विरोध पंचायतें गठित करने की अपील की और कहा कि ऐसी पंचायतों को सरकार 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी।

साथ ही उन्होंने शीतलपुर, कल्याणपुर और लंड्याल गांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 20 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।


इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता नालागढ़ परवरसर सिंह, विभिन्न पंचायतों के पूर्व जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।