बनिया देवी मेले में की विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये की घोषणाएं
अर्की, 16 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक Sanjay Awasthi ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी वास्तविक धरोहर है तथा इसका संरक्षण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
वह ग्राम पंचायत बखालग में आयोजित बनिया देवी मेले के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

इससे पूर्व विधायक ने माँ वन दुर्गा मंदिर बनिया देवी में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन जन-जन के सहयोग से ही संभव है।
मेले और उत्सव हमारी सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं तथा युवा पीढ़ी को अपनी परम्पराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
संजय अवस्थी ने कहा कि मेले न केवल संस्कृति और परम्पराओं को जीवित रखने का कार्य करते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को भी मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस दौर में लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने में मेलों और त्योहारों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

विधायक ने बताया कि बनिया देवी मंदिर का इतिहास लगभग 450 वर्ष पुराना है और यहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिनका विकास कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर विधायक ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के प्रारंभिक कार्य के लिए पांच लाख रुपये, ज्ञासी माता देवी मंदिर में ग्रिल लगाने के लिए एक लाख रुपये तथा गोपाल के घर से मंझली बेड धरनो मार्ग निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त दिदू से बनिया देवी मार्ग पर मुख्य द्वार निर्माण तथा भिंडी से जाबलू मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यक अनुमानित धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने मेला समिति को 21 हजार रुपये तथा महिला मंडल धरनो को आवश्यक सामान खरीदने के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

मेले के दौरान सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से संबद्ध कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
इस अवसर पर खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत बखालग के प्रधान सुरेंद्र पाठक, ग्राम पंचायत कोटली के प्रधान जय प्रकाश, ग्राम पंचायत बसंतपुर के उपप्रधान धनीराम ठाकुर, कांग्रेस नेता कृपा राम, मेला समिति अध्यक्ष पूरण चंद, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










