/रोहड़ू में बुजुर्ग महिला हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार।

रोहड़ू में बुजुर्ग महिला हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार।

शिमला, 23 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

शिमला के पुलिस थाना रोहड़ू क्षेत्र में 77 वर्षीय महिला गीता देवी की हत्या के मामले में शिमला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला प्रारंभिक जांच में एक ब्लाइंड मर्डर केस माना जा रहा था, जिसका पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर अल्प समय में खुलासा कर दिया।


पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को शलाश डोगरी निवासी गीता देवी अपने घर में मृत अवस्था में पाई गई थीं। प्रारंभिक जांच में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी की नीयत से घर में घुसकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। इसके आधार पर पुलिस थाना रोहड़ू में 17 जून को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से विस्तृत निरीक्षण किया गया। पुलिस ने जैविक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए तथा मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया।


जांच के दौरान पुलिस ने मानव स्रोतों, सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों तथा मोबाइल टावर डम्प डाटा का गहन विश्लेषण किया। वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए 22 जून 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल बहादुर उर्फ लालू (28), नवीन (19) और संतोष (20) के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से नेपाल के निवासी हैं और वर्तमान में जिला शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे थे।


पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय आरोपियों की लोकेशन घटनास्थल के आसपास थी। इसके बाद गहन पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उनकी संलिप्तता उजागर हुई। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया गया है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है।


पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल तीनों से गहन पूछताछ जारी है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


शिमला पुलिस ने इस जटिल ब्लाइंड मर्डर केस का सफल अनावरण वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण और प्रभावी पुलिस कार्यवाही के माध्यम से किया है। मामले में आगामी वैधानिक कार्रवाई जारी है।