सरकार पर वादे के अनुसार एरियर का भुगतान न करने का आरोप, नालागढ़ अस्पताल में स्टाफ की कमी दूर करने की मांग
नालागढ़, 5 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संघ की मासिक बैठक शनिवार को संघ के प्रधान नरेश घई की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में पेंशनरों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ नालागढ़ क्षेत्र की सड़कों, स्वास्थ्य सुविधाओं और पर्यावरण से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक में पेंशनरों ने सरकार द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-III कर्मचारियों को कुल एरियर की 35 प्रतिशत राशि के भुगतान में कथित देरी पर रोष जताया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि अधिसूचना जारी होने के बावजूद पेंशनरों को निर्धारित लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।
संघ ने सरकार से मांग की कि बकाया एरियर का भुगतान एकमुश्त किया जाए।
संघ ने महंगाई भत्ता (डीए) राहत के भुगतान में भी देरी पर चिंता जताई।
पदाधिकारियों के अनुसार वर्तमान में 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते की देनदारी लंबित है, जिसके कारण पेंशनरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से लंबित डीए का भुगतान समय पर करने की मांग की।

बैठक में बद्दी-नालागढ़ फोरलेन के निर्माण कार्य की धीमी गति पर भी चिंता व्यक्त की गई। संघ ने कहा कि नालागढ़-ढेरोवाल, नालागढ़-दभोटा तथा नालागढ़-रामशहर सड़क मार्गों की हालत भी बेहद खराब हो चुकी है। खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को जान-माल का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
संघ ने संबंधित विभाग से सड़कों की हालत जल्द सुधारने तथा फोरलेन का कार्य गति देने की मांग की।
नालागढ़ सरकारी अस्पताल में स्टाफ की कमी का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों पर इलाज का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
सरकार से अस्पताल में आवश्यक चिकित्सीय एवं अन्य स्टाफ की कमी को जल्द पूरा करने की मांग की गई।
बैठक में शिवालिक वेस्ट, माजरा में पिछले करीब 100 दिनों से शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन कर रही महिलाओं के आंदोलन का भी समर्थन किया गया।
संघ ने उनकी मांगों का पूर्ण समर्थन करते हुए सरकार से कथित पर्यावरण विरोधी कचरा प्लांट को वर्तमान स्थान से स्थानांतरित कर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने की मांग की।
बैठक में महासचिव कैलाश राणा, कोषाध्यक्ष अदित कांसल सहित सुशील कुमार, मनसा राम, दिलेले सिंह, प्रकाश चंद, सोहन लाल चंदेल, राम नरेश गुप्ता, हेमराज भंडारी, बक्शी राम, हार्दित्त सिंह, साद राम, चन्द्रमाणी, नरेश सिंह, प्रेम चंद, बंता राम, राम पाल, दलीप राणा, चमन लाल, रोशन लाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।









