/रामशहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विशाल भंडारे का आयोजन

रामशहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विशाल भंडारे का आयोजन

नालागढ़ (रामशहर) 5 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा

सोलन जिले की तहसील रामशहर के प्राचीन एवं सुप्रसिद्ध ठाकुरद्वारा मंदिर परिसर स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में क्षेत्रवासियों के लिए आज विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।


इस भंडारे में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम बांके बिहारी के चरणों में नतमस्तक होकर दर्शन किए और इसके पश्चात विभिन्न व्यंजनों का स्वाद ग्रहण किया।


मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर में हर वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में क्षेत्रवासियों के लिए भंडारा आयोजित किया जाता है। क्षेत्रवासियों के लिए यह 40वां भंडारा आयोजित किया गया। सायंकालीन संध्या में स्थानीय कीर्तन मंडलियों द्वारा बांके बिहारी का भजन-कीर्तन किया जाएगा।


भंडारे में मुख्य रसोइया सदा राम, रमन बस्सी, अशोक कुमार और विजय ने बताया कि आज विशेष तौर पर चावल, राजमा, कढ़ी, मखनी दाल, बूंदी का मीठा सहित अन्य विभिन्न प्रकार के व्यंजन श्रद्धालुओं को वितरित किए गए। भंडारा दोपहर 1:00 बजे से शुरू हुआ, जो देर रात प्रभु इच्छा तक चलेगा।


मंदिर परिसर में सुबह से ही लाउडस्पीकर के माध्यम से बांके बिहारी का गुणगान चल रहा था और श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा हुआ था।


इस अवसर पर मंदिर परिसर को बड़े ही सुंदर ढंग से सजाया एवं संवारा गया, जो अपने आप में चार चांद लगा रहा था।