/शिमला पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी वित्तीय कार्रवाई, ₹1.64 करोड़ की संपत्ति सीज

शिमला पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी वित्तीय कार्रवाई, ₹1.64 करोड़ की संपत्ति सीज



ठियोग में 71 ग्राम अफीम बरामदगी के मामले में कार्रवाई, 2026 में अब तक 12 NDPS मामलों में ₹8 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज

शिमला 8 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को आर्थिक नेटवर्क तक पहुंचाते हुए शिमला पुलिस ने ठियोग के एक NDPS मामले में बड़ी वित्तीय कार्रवाई की है। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से जुड़ी ₹1.64 करोड़ से अधिक मूल्य की चल-अचल एवं वित्तीय संपत्तियों को सीज किया है।


मामले में पुलिस थाना ठियोग में FIR संख्या 77/2026, दिनांक 10 जून 2026, धारा 18 NDPS एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर 10 जून को रहीघाट, हॉस्पिटल रोड, ठियोग स्थित आरोपी सोहन लाल उर्फ हैपी की नाई की दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 71 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई।


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी कथित तौर पर काफी समय से अफीम की अवैध तस्करी में संलिप्त था और ठियोग, कोटखाई, रोहड़ू तथा आसपास के क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता था।


वित्तीय नेटवर्क की भी जांच


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन शुरू की। इस दौरान आरोपी और उसके निकट सहयोगियों की वित्तीय गतिविधियों, संपत्तियों तथा आय के ज्ञात और वैध स्रोतों का विस्तृत विश्लेषण किया गया।


जांच में एक आवासीय भूमि प्लॉट, एक कृषि भूमि प्लॉट, दो मंजिला दुकान, वाहन तथा विभिन्न बैंक एवं डाकघर खातों में उपलब्ध धनराशि समेत कुल करीब ₹1.64 करोड़ मूल्य की संपत्तियों की पहचान की गई।


पुलिस के अनुसार, वित्तीय अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ये संपत्तियां प्रथम दृष्टया मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित आय से संबंधित पाई गईं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नाई की दुकान चलाता है और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है।

पुलिस के मुताबिक उसकी घोषित/ज्ञात आय और संपत्तियों के बीच सामंजस्य नहीं पाया गया। इसके बाद NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत संबंधित संपत्तियों को सीज किया गया।


2026 में अब तक ₹8 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज
शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 12 NDPS मामलों में फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन की गई है और इन मामलों में ₹8 करोड़ से अधिक मूल्य की चल-अचल एवं वित्तीय संपत्तियां सीज की जा चुकी हैं।


पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 और 2025 के दौरान NDPS मामलों में इस प्रकार की कोई फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन नहीं की गई थी और इन वर्षों में इस प्रक्रिया के तहत कोई संपत्ति सीज नहीं हुई थी।


शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई अब केवल मादक पदार्थ बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है।

तस्करों के आर्थिक नेटवर्क, अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त/सीज करना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।