नशे के पैसों के लेन-देन को लेकर रंजिश का खुलासा
सोलन 8सितंबर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा
सोलन। अमन उर्फ मन्नी हत्याकांड की जांच में पुलिस के प्रारंभिक अन्वेषण के दौरान महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपियों के बीच मादक पदार्थों से जुड़े पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद और आपसी रंजिश चली आ रही थी।
इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी झगड़ा होने की बात सामने आई है।
पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान आरोपी द्वारा चाकू से वार किए जाने से अमन उर्फ मन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हाथापाई के दौरान आरोपियों को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस अब घटना के पीछे के पूरे विवाद, पैसों के लेन-देन और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की पुष्टि साक्ष्यों, घटनास्थल से जुटाए गए तथ्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।








