सोलन (धर्मपुर)6 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
डीपीएस डगशाई के हॉस्टल में कक्षा नौवीं के एक छात्र के साथ कथित रैगिंग, मारपीट और धमकाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, तलविंदर मानेस व अन्य की संयुक्त शिकायत पर एफआईआर नंबर 146/26, दिनांक 6 सितंबर 2026 को हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थानों में रैगिंग निषेध अधिनियम, 2009 की धारा 3(2) तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 5 सितंबर को डीपीएस डगशाई के पांच वरिष्ठ छात्रों ने हॉस्टल के कमरे से कक्षा नौवीं के एक छात्र को कथित तौर पर जबरन बाहर खींचा और उसके साथ मारपीट की।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी छात्र पिछले करीब चार महीनों से जूनियर छात्रों को रैगिंग, धमकी, शारीरिक मारपीट और अभद्र भाषा का सामना करने के लिए मजबूर कर रहे थे।
यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ छात्र हथियार लेकर चलते थे।
शिकायत में कहा गया है कि इन घटनाओं के कारण जूनियर छात्र भयभीत हैं और वे गंभीर मानसिक तनाव की स्थिति में हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच एसआई राजेश कुमार, प्रभारी पुलिस चौकी डगशाई द्वारा की जा रही है।









