/बरू साहिब में 111वां निःशुल्क चिकित्सा एवं सर्जिकल कैंप 3-4 अक्टूबर को।

बरू साहिब में 111वां निःशुल्क चिकित्सा एवं सर्जिकल कैंप 3-4 अक्टूबर को।

नाहन (बरू साहिब), 3 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

अकाल चैरिटेबल अस्पताल, बरू साहिब में 3 और 4 अक्टूबर को 111वें निःशुल्क मल्टी-स्पेशलिटी मेडिकल एवं सर्जिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा। अकाल कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के सहयोग से आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।

शिविर में सभी समुदायों के लोगों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, दवाइयां, लैब जांच, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड तथा विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके साथ ही सर्जरी, आंखों एवं दांतों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति परामर्श और फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

कैंप में जनरल सर्जरी, हड्डी रोग, ईएनटी, जनरल मेडिसिन, स्त्री रोग, नेत्र रोग एवं दंत चिकित्सा सहित विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञ मरीजों की जांच करेंगे। जालंधर के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. गौतम सिंह और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जी.पी. सिंह भी शिविर में अपनी सेवाएं देंगे।

मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति के लिए डॉ. राजिंदर सिंह, एमबीबीएस, डीपीएम, एमडी (मनोरोग), निदेशक, अकाल नशा मुक्ति एवं मनोरोग सेवा द्वारा पुरुषों एवं महिलाओं को निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा।

यह शिविर ब्रह्मलीन संत बाबा इकबाल सिंह जी महाराज के “100 वर्ष—मानवता के लिए एक जीवन” संदेश को समर्पित है। कैंप का संचालन डॉ. दविंदर सिंह, अध्यक्ष, द कलगीधर ट्रस्ट तथा डॉ. नीलम कौर, निदेशक, अकाल चैरिटेबल अस्पताल के नेतृत्व में किया जा रहा है। कैंप के होस्ट डॉ. एच.पी. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अकाल चैरिटेबल अस्पताल हैं।

अकाल चैरिटेबल अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं। शिविर 3 एवं 4 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बरू साहिब स्थित अकाल चैरिटेबल अस्पताल में आयोजित होगा।