/पहली नवंबर की दिल्ली महारैली में हिमाचल से जाएंगे 15 हजार लोग: रजनी पाटिल

पहली नवंबर की दिल्ली महारैली में हिमाचल से जाएंगे 15 हजार लोग: रजनी पाटिल

शिमला, 24 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से ‘देश बचाओ, वोट बचाओ’ महारैली आयोजित की जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि इस रैली में देशभर से 10 लाख से अधिक लोग भाग लेंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश से 15 हजार लोगों के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, शिमला में इंडिया गठबंधन के नेताओं की उपस्थिति में आयोजित प्रेस वार्ता में रजनी पाटिल ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन एकजुट होकर संघर्ष कर रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर आंदोलन को दबाने के प्रयास करने का आरोप लगाया।

रजनी पाटिल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के 13 करोड़ नागरिकों को उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित किया गया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा इंडिया गठबंधन के साथ आने से इस अभियान को गति मिली है। उनके अनुसार, यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ी है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक एवं पंजाब के पूर्व मंत्री राव दान सिंह ने कहा कि जिस तरह स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्तों ने आजादी के लिए संघर्ष किया था, उसी तरह आज लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लोगों को आगे आने की जरूरत है।

उन्होंने लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।