/युवाशक्ति का अद्भुत संकल्प-150 बीघा बंजर भूमि पर बना खेल मैदान

युवाशक्ति का अद्भुत संकल्प-150 बीघा बंजर भूमि पर बना खेल मैदान

चंबा, 4 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा

ज़िला मुख्यालय के साथ लगती ग्राम पंचायत उदयपुर की युवाशक्ति ने अपने सामूहिक योगदान का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 150 बीघा बंजर भूमि पर एक खेल मैदान बनाया है। इससे युवाओं को विभिन्न बहुआयामी खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने की सुविधा उपलब्ध हुई है। स्थानीय युवाओं की यह शानदार पहल सामुदायिक सहयोग से विकास कार्यों का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत करती है ।

यूथ स्पोर्ट्स क्लब उदयपुर के अध्यक्ष राकेश कपूर बताते हैं कि साथियों में खेलों के प्रति प्रेम और नशे से दूरी की सोच ने उन छोटे प्रयासों को पूरी तरह सफल बना दिया, जो पांच वर्ष पहले शुरू हुए थे।

उनका यह भी कहना है कि समस्त ग्राम पंचायत वासियों के पूर्ण सहयोग तथा विभागीय योजनाओं से यह पहल आज एक बड़ी उपलब्धि बनी है।

युवाओं का कहना है कि इस मैदान में क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों की सुविधा आज उपलब्ध हुई है। पंचायत के समस्त लोगों का निर्माण कार्य को पूर्ण करने का प्रण है। अब तक निर्माण से संबंधित लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण किया गया है।

ग्राम पंचायत के युवा-उपप्रधान अनूप गांधी बताते हैं कि इस उपलब्धि पर विधायक नीरज नैय्यर ने उपायुक्त सहित विभिन्न अधिकारियों के साथ गत माह के दौरान खेल मैदान का निरीक्षण किया था।

उन्होंने युवाओं की इस शानदार पहल की सराहना करते हुए यूथ स्पोर्ट्स क्लब को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया था। इसके परिणाम स्वरुप पंचायत को अब लगभग 54 लाख की राशि स्वीकृत हुई है। इससे निर्माण कार्यों को और गति मिलेगी।