शिमला 8 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सत्र में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को स्पष्ट रूप से दोहराया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार ने किया।

प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद निरोधक कार्यालय (UNOCT) के कार्यवाहक अवर महासचिव अलेक्जेंडर ज़ुएव के साथ द्विपक्षीय बैठक कर आतंकवाद विरोधी सहयोग को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की।

प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि आतंकवाद को किसी भी रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने राज्य प्रायोजित एवं सीमा पार आतंकी नेटवर्क के खिलाफ वैश्विक स्तर पर निर्णायक और एकजुट कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद से निपटने के लिए खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, साइबर आतंकवाद पर अंकुश, अवैध वित्तीय प्रवाह रोकने और अंतरराष्ट्रीय कानूनी ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्थायी शांति तभी संभव है जब सीमा पार आतंकी सुरक्षित ठिकानों को पूरी तरह समाप्त किया जाए।









