/काले रिबन बांधकर कांग्रेस का मौन प्रदर्शन, सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज दबाने का आरोप।

काले रिबन बांधकर कांग्रेस का मौन प्रदर्शन, सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज दबाने का आरोप।

शिमला, 8 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल के शिमला शहरी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर शांतिपूर्ण मौन प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हाथों पर काले रिबन बांधकर सरकार की कथित दमनकारी नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार अलोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और सरकार इन मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है।

कांग्रेस नेताओं ने विपक्ष के प्रमुख नेताओं को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने और उनके साथ बदसलूकी की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे तानाशाही और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।

साथ ही, चुनाव आयोग की भूमिका और उसकी निष्पक्षता को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की।

नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे विपक्षी कार्यकर्ताओं पर पुलिस और प्रशासन के माध्यम से बल प्रयोग किया जाना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कितना भी बल प्रयोग करे, कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया, कृष्णा, रीना पुंडीर, बबली, जिला कमेटी शिमला शहरी के दीपक सुन्द्रियाल, रवि राणा, वीनेश ठाकुर, कुश पाल सिंह, जय प्रकाश, उमा वर्मा, महासचिव मुकेश भाटिया, दीक्षित जोगटा, सुमित गौतम, सचिव गुरविंदर सिंह, पुनीत, गौरव, संदीप ठाकुर, महिन्द्रजीत बबलू, पंकज, रंजीत कर्नल और कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।