उपभोक्ताओं के साथ बड़े धोखे का भंडा फोड़
शिमला 8 मई,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा
हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित गैस प्लांट से ठियोग जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस कम पाई जाने से उपभोक्ताओं के साथ बड़े धोखे का पता चला है।
मिली जान करी के मुताबिक गैस के घरेलू सिलेंडरों में निर्धारित वजन से लगभग डेढ़ किलोग्राम कम गैस भरकर उपभोक्ताओं को चूना लगाया जा रहा था।खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने इसका पर्दाफाश किया है।
मामला तब सामने आया जब खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने गैस एजैंसी को 10 प्रतिशत सिलेंडरों की जांच करने के निर्देश दिए।
ठियोग गैस एजेंसी ने जब सिलेंडरों को तोला तो जांच में पाया गया कि 95 घरेलू गैस सिलेंडरों में 14.2 किलोग्राम की जगह केवल 12.7 किलोग्राम गैस ही मौजूद थी।
इस खुलासे के बाद जिला नियंत्रक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक को जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बद्दी प्लांट से 324 गैस सिलेंडरों की खेप लेकर एक ट्रक राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ठियोग पहुंचा था। इसी दौरान जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले को सूचना मिली कि ट्रक में मौजूद गैस सिलेंडरों में गैस की मात्रा कम है।
सूचना मिलते ही विभाग ने तत्काल मौके पर पहुंचकर एजेंसी को सिलेंडरों का वजन करने का आदेश दिया।
जब एजैंसी ने सिलेंडरों को तौलना शुरू किया तो अधिकारियों को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। एक के बाद एक, लगभग 95 सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस पाई गई। इन सिलेंडरों की सप्लाई ठियोग और आसपास के इलाकों में होनी थी। अब सवाल यह उठता है कि आखिर इन सिलेंडरों में गैस कम कैसे हुई? इसकी जांच अब आगे की जाएगी।
इस पूरे मामले पर जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान ने कहा कि बद्दी प्लांट से सप्लाई लेकर आए ट्रक को सीज कर दिया गया है। साथ ही, 2 निरीक्षकों को इस मामले की गहन जांच के लिए नियुक्त किया गया है।









