बद्दी, 1 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
औद्योगिक नगरी बीबीएन के बद्दी के सिक्का होटल चौक के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक काठा की ओर से लोहे की पाइपों से लदा ट्रक (नंबर PB-11 AS-9655) तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर एक सरकारी कार्यालय की दीवार तोड़ते हुए भवन के अंदर जा घुसा।
हादसे में ट्रक चालक कुलविंदर सिंह (पुत्र दर्शन सिंह), निवासी गांव मनकवाल, जिला लुधियाना (पंजाब), गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने चालक को ट्रक से बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
दुर्घटना में सरकारी भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस थाना बद्दी में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।






