नई दिल्ली, 7 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
बिहार में विधानसभा चुनावों का बिगुल आखिरकार बज गया है। सोमवार को चुनाव आयोग ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान कर दिया। इस बार चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पहले चरण का मतदान 6 नवंबर 2025 को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर 2025 को होगा। मतगणना 14 नवंबर 2025 को की जाएगी और इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 10 अक्टूबर 2025 को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 17 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया तय समयानुसार पूरी की जाएगी।
बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए इस बार भी मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। चुनाव आयोग ने कहा कि राज्य में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राज्य के सभी जिलों में प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष टीमों का गठन किया गया है। आयोग ने साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर EVM और VVPAT मशीनों का उपयोग किया जाएगा, जिससे मतदान प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे।









