/औद्योगिक नगरी बीबीएन में दुकानों से 59 अवैध गैस सिलेंडर बरामद।

औद्योगिक नगरी बीबीएन में दुकानों से 59 अवैध गैस सिलेंडर बरामद।

गेस एजेंसियों की मिलीभगत से मजदूर बस्तियों में खूब पनप रहा है अवैध सिलेण्डर का धंधा ।

नालागढ़ बद्दी 9 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

औद्योगिक नगरी बीबीएन में गैस एजेंसियों से मिलीभक्त के चलते पुलिस ने गत दिवस एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 एलपीजी सिलेंडर (37 भरे हुए व 22 खाली) बरामद किए हैं।

इस बात की पुष्टी करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीन अलग-अलग अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई आरंभ कर दी है।

उन्होंने बताया कि थाना बद्दी पुलिस टीम ने साई रोड, एनआरआई चौक क्षेत्र में दो दुकानों पर छापेमारी की गई जांच के दौरान कुल 36 एलपीजी सिलेंडर (32 घरेलू व 4 वाणिज्यिक) बरामद किए गए, जिनमें से 5 भरे हुए और 31 खाली थे।

उन्होंने बताया कि यह सिलेंडर बिना वैध अनुमति के अवैध रूप से भंडारित किए गए थे। इस पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 व 7 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

अनिल कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी संगरूर (पंजाब) की दुकान से 21 सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि सुरिंदर सिंह पुत्र राय चंद निवासी शिमला की दुकान से 15 सिलेंडर बरामद हुए हैं।

इसी दिन थाना मानपुरा पुलिस ने गश्त व नाकाबंदी के दौरान पिकअप वाहन संख्या CH-01TB-5274 को रोककर तलाशी ली। वाहन से 23 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर (5 भरे हुए व 18 खाली) बरामद किए गए। ये सिलेंडर लखवीर सिंह और ध्यान सिंह, दोनों निवासी जिला एस.ए.एस. नगर (पंजाब) द्वारा बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे थे। वाहन पर चंडीगढ़ की एक गैस एजेंसी का नाम अंकित पाया गया। इस संबंध में थाना मानपुरा में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 व 7 के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया है ।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई एलपीजी सिलेंडरों की अवैध बिक्री, भंडारण और काला बाज़ारी पर रोक लगाने की दिशा में पुलिस का सख्त कदम माना जा रहा है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे आवश्यक वस्तुओं की बिक्री, भंडारण और वितरण से संबंधित नियमों का पालन करें। यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

मिली जान जानकारी के मुताबिक पुलिस गैस एजेंसियों से अवैध सिलेण्डर निकालने की मिलीभगत की भी जांच कर रही है।