स्थानीय लोगों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
पांगी, 3 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा ।
चंबा जिले के उपमंडल पांगी में संभावित ग्लेशियर झील/झरना फटने के खतरे को देखते हुए आवासीय आयुक्त रमन घरसंगी ने किलाड़ स्थित लाइब्रेरी हॉल में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
मिलीजानकारी के मुताबिक उन्होंने बताया कि पिछले तीन दशकों में घेपांग घाट की हिमनद झील लगातार बढ़ रही है, जिससे उसके अचानक टूटने पर पांगी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों—शौर, पुर्थी के अजोग, छाऊ पंचायत साच और फिंडरु गाँव—में बाढ़ जैसी आपदा की आशंका है।
इस अवसर पर आयुक्त ने कहा कि जोखिम कम करने और आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय लोगों को आपदा प्रबंधन, अलर्ट सिस्टम, सुरक्षित निकासी मार्ग, सामुदायिक समन्वय और प्राथमिक प्रतिक्रिया से जुड़े विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीणों को जागरूक करने, संवेदनशील इलाकों की पहचान करने और प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की अपील की। बैठक में खंड विकास अधिकारी योगेश वर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग राम रत्न और विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







