शिमला पुलिस ने 3 दिन में सुलझाई 50 लाख की चोरी,
शिमला, 1 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
जिला शिमला पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का महज तीन दिनों में खुलासा करते हुए लगभग 45 से 50 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए सोने-चांदी के सभी आभूषण बरामद कर पंजाब से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को पुलिस थाना सदर शिमला में खुब सिंह ठाकुर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि लोअर बाजार में खरीदारी के दौरान अज्ञात महिलाओं ने उनके स्लिंग बैग से करीब 40 तोला सोने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए, जिनकी कीमत करीब 45 से 50 लाख रुपये आंकी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी और साइबर विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों और उनकी गाड़ी की पहचान की।
जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए शोघी, नारकंडा, लुहरी, कींगल, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर होते हुए पंजाब पहुंच गए, ताकि पुलिस उन्हें हिमाचल की सीमाओं पर पकड़ न सके।
पुलिस टीम ने 28 जून को पंजाब में दबिश देकर दोनों महिला आरोपियों को चोरीशुदा आभूषणों सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रवती (39 वर्ष), निवासी पटियाला तथा रेखा (40 वर्ष), निवासी राजपुरा, जिला पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता के 40 तोला सोने के आभूषण और 250 ग्राम चांदी के आभूषण सहित पूरी चोरीशुदा संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 2 जुलाई 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
शिमला पुलिस ने इस सफलता का श्रेय त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और टीमवर्क को दिया है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आम जनता की सुरक्षा के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।










