चैन स्नैचर गिरोह पर आरोप
बिलासपुर(श्री नैना देवी)30जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में इन दिनों गर्मियों की छुट्टियों के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच मंदिर परिसर के आसपास सक्रिय चैन स्नैचर गिरोह ने पंजाब से आए एक श्रद्धालु परिवार को निशाना बना लिया।
पीड़ित श्रद्धालु के अनुसार, जब उनका परिवार माता के दर्शन के लिए जूता घर के पास भीड़ में आगे बढ़ रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने उनके पिता का सोने का कड़ा और उनकी माता की सोने की चूड़ी चोरी कर ली।

घटना का पता चलने पर उन्होंने तुरंत वहां तैनात होमगार्ड के जवानों को सूचना दी।
काफी तलाश के बावजूद आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
स्थानीय पुजारी उमेश शर्मा ने बताया कि इन दिनों मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मंदिर में दर्शन के लिए आते समय महंगे आभूषण पहनकर आने से बचें तथा अपने कीमती सामान की विशेष सुरक्षा करें।

उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया जाए तथा ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में माता के दर्शन कर सकें।









