एक आरोपी पर 51 आपराधिक मामले दर्ज।
सोलन (सुबाथू) 12 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
सोलन जिले के पुलिस थाना सुबाथु की टीम ने 11 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर अमित गेस्ट हाउस रडीयाणा में दबिश देकर चिट्टा तस्करी में संलिप्त छह युवकों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है ।
मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के निकट स्थित गेस्ट हाउस में ठहरे इन व्यक्तियों के कब्जे से 2.47 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।

इस बात की पुष्टी करते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान इंदरदेव उर्फ दानू (शिमला), विक्की डोगरा (ठियोग), करण गौतम (सुन्नी), निखिल रंजन (ठियोग), राजेंद्र शर्मा (करसोग) और निशु शर्मा (ठियोग) के रूप में हुई। बरामदगी के बाद थाना धर्मपुर में एफआईआर नंबर 0199/2025, धारा 21 व 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि जाँच में सामने आया कि आरोपी इंदर देव उर्फ दानू आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध हिमाचल व अन्य राज्यों में 51 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें ND&PS Act, आबकारी अधिनियम, चोरी, सेंधमारी, सड़क दुर्घटनाएँ और मारपीट के मामले शामिल हैं। सभी आरोपियों को धारा 35(3) BNSS के तहत पाबंद किया गया है।
अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जाँच जारी है।







