/नालागढ़ में मेगा विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

नालागढ़ में मेगा विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

नालागढ़ 14 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा

नालागढ़ में उपमंडल विधिक सेवाएं प्राधिकरण नालागढ़ द्वारा एक दिवसीय मेगा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नालागढ़ पंकज गुप्ता ने की।

इस अवसर पर पंकज गुप्ता ने कहा कि मेगा विधिक साक्षरता शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य आम जनता को विधिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है तथा कानून की सामान्य जानकारी व्यक्ति को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती है। कानून की जानकारी समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाती है और न्यायपूर्ण शासन की स्थापना में सहायक होती है।

उन्होंने बताया कि आमजन को न्याय सुलभ करवाने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा कई महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की गई हैं।

इनमें नालसा (DAWN – ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया) योजना–2025 प्रमुख है, जिसका उद्देश्य कानूनी जागरूकता बढ़ाना, न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करना तथा नशे के पीड़ितों को सहायता प्रदान करना है।

पंकज गुप्ता ने लोगों से अपील की कि नशे के अवैध व्यापार से जुड़ी किसी भी जानकारी को नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 पर दें तथा नशे के आदी व्यक्तियों को पुनर्वास के लिए नशा मुक्ति केंद्रों से जोड़ने हेतु हेल्पलाइन 14446 पर सूचना दें।

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को दंडित करना आवश्यक है, वहीं नशे के आदी व्यक्तियों का पुनर्वास भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने “से यस टू लाइफ, नो टू ड्रग्स” विषय पर उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसका लाभ उठाने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम में सहायक मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं उपमंडल विधिक सेवाएं प्राधिकरण नालागढ़ के अध्यक्ष अजय ठाकुर ने मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा नशा मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए प्रत्येक नागरिक को सामूहिक व व्यक्तिगत रूप से प्रयास करने चाहिए।

शिविर में अधिवक्ता दिग्विजय ठाकुर ने नशा निवारण विषय पर विचार रखे, अधिवक्ता एन.सी. घई ने पर्यावरण संरक्षण तथा अधिवक्ता विभु सिंह ने आपदा प्रभावितों के पुनर्वास पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किए।

न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी नालागढ़ इशा अग्रवाल ने मुख्य अतिथि सहित सभी वक्ताओं और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। शिविर में महिला मंडल की सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूहों की सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।