/नगर निगम सोलन के 17 नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ।

नगर निगम सोलन के 17 नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ।

कोरम के अभाव में महापौर-उपमहापौर का चुनाव टला।

सोलन, 29 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

नगर निगम सोलन के सभी 17 नवनिर्वाचित पार्षदों को सोमवार को नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह के दौरान उपायुक्त सोलन एवं नगर निगम सोलन के निर्वाचन अधिकारी मनमोहन शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण करने वालों में वार्ड-1 से नीलम, वार्ड-2 से सुषमा शर्मा, वार्ड-3 से गौरव, वार्ड-4 से रोहित भारद्वाज, वार्ड-5 से प्रियंका, वार्ड-6 से रेखा साहनी, वार्ड-7 से पूजा, वार्ड-8 से सुरेन्द्र कुमार, वार्ड-9 से मीनाक्षी शर्मा, वार्ड-10 से अंकुश सूद, वार्ड-11 से सरिता, वार्ड-12 से प्रियंका अग्रवाल, वार्ड-13 से नरेन्द्र कुमार, वार्ड-14 से सुलक्षणा, वार्ड-15 से अभिषेक, वार्ड-16 से सीमा तथा वार्ड-17 से आरुणा शामिल रहीं।

हालांकि, महापौर एवं उपमहापौर का चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो सका। उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा-36 तथा हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम, 2012 के नियम-81 के अनुसार महापौर एवं उपमहापौर के निर्वाचन के लिए कुल निर्वाचित पार्षदों के कम से कम तीन-चौथाई सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक होती है। आवश्यक कोरम पूरा नहीं होने के कारण चुनाव स्थगित करना पड़ा।

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने अधिनियम एवं नियमों के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए महापौर एवं उपमहापौर के निर्वाचन के लिए 2 जुलाई 2026 को पुनः बैठक बुलाने की घोषणा की। यह बैठक सायं 3:00 बजे नगर निगम सोलन के बैठक कक्ष में आयोजित होगी। बैठक में नियम 81-ए एवं 81-बी के तहत महापौर तथा नियम 81-सी के अनुसार उपमहापौर का निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।

उन्होंने सभी निर्वाचित पार्षदों से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।