/प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे कांग्रेस की मानसिकता दर्शाते हैं – सुरेश कश्यप

प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे कांग्रेस की मानसिकता दर्शाते हैं – सुरेश कश्यप

शिमला 15 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस की हालिया रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक नारों की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ मृत्यु की कामना करना घोर निंदनीय, शर्मनाक और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, जो कांग्रेस की ओछी और विकृत मानसिकता को उजागर करता है।

कश्यप ने कहा कि इस घटना को लेकर लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में कड़ा विरोध दर्ज किया गया।

राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की, जबकि लोकसभा में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने इसे राजनीति के पतन का घिनौना उदाहरण बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस रैली में शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मौजूदगी के बावजूद ऐसे नारे लगाए गए, जो कांग्रेस नेतृत्व के मौन समर्थन की ओर इशारा करते हैं।

भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम की निंदा करते हुए सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग की है।

कश्यप ने कहा कि राजनीतिक असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन प्रधानमंत्री के खिलाफ इस प्रकार की भाषा राष्ट्र का अपमान है, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।