/मंडी–गागल–चैलचौक–जंजैहली एमडीआर के चौड़ीकरण के लिए ₹137.40 करोड़ मंजूर

मंडी–गागल–चैलचौक–जंजैहली एमडीआर के चौड़ीकरण के लिए ₹137.40 करोड़ मंजूर

शिमला 15 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश में मंडी–गागल–चैलचौक–जंजैहली मार्ग के चौड़ीकरण के लिए ₹137.40 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत दी गई है।

इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को पत्र लिखकर अवगत कराया है। पत्र के अनुसार, 83 किलोमीटर लंबाई वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि यह स्वीकृति जयराम ठाकुर द्वारा 23 जुलाई 2025 को भेजे गए आग्रह पत्र के संदर्भ में दी गई है, जिसमें सड़क के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत के लिए केंद्रीय सहायता का अनुरोध किया गया था।

इस परियोजना के पूर्ण होने से मंडी जिला सहित आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा पर्यटन, व्यापार और स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।