शिमला, 20 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने चंडीगढ़–शिमला फोरलेन की जर्जर स्थिति को लोकसभा में प्रभावी ढंग से उठाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल से चुने गए भाजपा सांसद प्रदेश की सुरक्षा, सुविधा और भविष्य को लेकर पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं।

विनय कुमार ने कहा कि चंडीगढ़–शिमला फोरलेन बार-बार लैंडस्लाइड के कारण बाधित हो रहा है, जिससे आम लोगों, पर्यटकों, मरीजों और आपात सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति केवल अव्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों की जान से सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैज्ञानिक कटिंग, घटिया ड्रेनेज व्यवस्था और कमजोर रिटेनिंग वॉल के कारण फोरलेन परियोजनाएं खतरे का कारण बनती जा रही हैं, जिससे आसपास के भवनों और गांवों का अस्तित्व भी संकट में है।
उन्होंने कहा कि यही हाल कीरतपुर–मनाली फोरलेन का भी है, जहां निर्माण में वही लापरवाही और गंभीर खामियां देखने को मिल रही हैं। इसके बावजूद भाजपा सांसदों की चुप्पी उनकी असंवेदनशीलता को दर्शाती है। इसके विपरीत, प्रियंका गांधी ने हिमाचल के लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं और निर्माण कार्यों में हो रही गंभीर कोताही को संसद में मजबूती से उठाया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मांग की कि हिमाचल में चल रही फोरलेन परियोजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और रिटेनिंग वॉल व ड्रेनेज सिस्टम को वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क सुरक्षा और जनता की परेशानियों की अनदेखी जारी रही, तो कांग्रेस जनहित में सड़कों से लेकर संसद तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।









