/पंजाब में कांग्रेस नेता पर दिनदहाड़े फायरिंग।

पंजाब में कांग्रेस नेता पर दिनदहाड़े फायरिंग।

कानून-व्यवस्था पर सवाल

मोगा (पंजाब) 23 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

पंजाब के मोगा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक शहर के शहीद भगत सिंह नगर क्षेत्र में दोपहर करीब 3 बजे अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व पार्षद नरिंदरपाल सिद्धू पर उनके घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमले में नरिंदरपाल सिद्धू को दो गोलियां लगीं—एक पैर और एक कंधे में। घायल अवस्था में उन्हें मोगा के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व पार्षद अपने परिवार के साथ घर में बने पार्क में बैठे थे, तभी दो युवक, जिनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पंजाब में बढ़ते अपराध और कानून के डर के कमजोर होने को उजागर कर के रख दिया है।