नालागढ़ 6 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी और नालागढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों मामलों में फरार वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भुड्ड बैरियर के पास टैंकर की टक्कर से युवती की मौत
आज 06 फरवरी 2026 को पुलिस थाना बद्दी के अंतर्गत भुड्ड बैरियर के पास एक तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी के पीछे बैठी युवती सड़क पर गिर गई और टैंकर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान काजल पुत्री राजकुमार, निवासी मोहल्ला होलीपुरा, तहसील हसनपुरा, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दूसरे मामले में गत दिवस पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत न्यू नालागढ़ रोड पर एक स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार धर्मपाल और अंजू देवी, निवासी गांव गागुवाल, तहसील नालागढ़, जिला सोलन (हि.प्र.) घायल हो गए। दोनों को तुरंत उपचार के लिए सरकारी अस्पताल नालागढ़ पहुंचाया गया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में टैंकर चालक और स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना बद्दी व पुलिस थाना नालागढ़ में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







