विजेता श्वानों को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी से किया सम्मानित।
सोलन, 29 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से पशुपालन विभाग, सोलन द्वारा रविवार को श्वान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी में सोलन शहर और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 56 श्वान पालकों ने अपने पालतू श्वानों के साथ भाग लिया।
उप-निदेशक, पशुपालन विभाग सोलन डॉ. वी.वी. लाम्बा ने बताया कि प्रतियोगिता में श्वानों को बड़ी, मध्यम और छोटी नस्ल की तीन श्रेणियों में विभाजित कर आंका गया।

प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले श्वानों को क्रमशः 3100, 2100, 1100 और 500 रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक श्रेणी के सर्वश्रेष्ठ श्वान को 1000 रुपये तथा सभी विजेताओं को स्मृति चिन्ह, प्रशंसा पत्र, ग्रूमिंग एवं सप्लीमेंट किट भी भेंट की गई।
प्रदर्शनी के दौरान “बेस्ट इन शो” का खिताब जीतने वाले श्वान को विशेष ट्रॉफी और 5100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन स्थल पर प्रतिभागी श्वानों का निःशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण भी किया गया। साथ ही श्वान पालकों एवं दर्शकों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनाया गया और बच्चों व प्रतिभागियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर सही उत्तर देने वालों को आकर्षक उपहार वितरित किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, विभागीय कर्मचारियों तथा सभी श्वान पालकों का आभार व्यक्त किया।








