शिमला, 28 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल के जिला शिमला में बढ़ते पर्यटक आवागमन के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सिविल वालंटियर्स को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर 27 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक अशोक शिमला ने यातायात शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ विशेष ब्रीफिंग आयोजित की।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी निरंतर उत्कृष्ट सेवाएं देने की सराहना की।

उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन केवल नियमों का पालन करवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन और पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा तथा निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना भी इसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान शिमला में वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे समय में यातायात पुलिस द्वारा धैर्य, समर्पण और बेहतर समन्वय के साथ किए जा रहे प्रयास शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में उल्लेखनीय सहयोग देने वाले 10 सिविल वालंटियर्स को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच ऐसा सहयोग बेहतर यातायात प्रबंधन के साथ-साथ समाज में सहभागिता की भावना को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वालंटियर्स से भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया गया।








