/मौसम बदला तो पहाड़ लौटने लगे गद्दी समुदाय के चरवाहे

मौसम बदला तो पहाड़ लौटने लगे गद्दी समुदाय के चरवाहे

रामशहर 9 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

मौसम के करवट बदलते ही हिमाचल के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों से सर्दियों में मैदानी इलाकों की ओर आए ग द्दी समुदाय के लोग अब वापस अपने मूल पहाड़ी इलाकों की ओर लौटने लगे हैं।

बकरियों, भेड़ों, घोड़ों और पहरेदार कुत्तों के साथ उनका यह वार्षिक प्रवास एक बार फिर शुरू हो गया है।

बैजनाथ क्षेत्र के गद्दी समुदाय से जुड़े देशराज भी अपने काफिले के साथ रामशहर से गुजरते हुए पहाड़ों की ओर रवाना हुए। उनके साथ लगभग 500 भेड़-बकरियां, 7 घोड़े और 3 कुत्ते हैं।

रास्ते में वे स्थानीय लोगों से मेलजोल बनाए रखते हुए अपनी पारंपरिक यात्रा जारी रखे हुए हैं।

देशराज ने बताया कि यह उनका पैतृक पेशा है और आज भी पूरा परिवार इसे परंपरा के रूप में निभा रहा है। उन्होंने कहा कि यह जीवन आसान नहीं है—बारिश, प्राकृतिक आपदाएं, जंगली जानवरों का खतरा और जंगलों में लंबे समय तक रहना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है।

बावजूद इसके गद्दी समुदाय सदियों पुरानी इस परंपरा को आज भी जीवित रखे हुए है।