/फर्जी कोटेशन व ब्लैकमेलिंग मामले में 73 वर्षीय ठेकेदार गिरफ्तार।

फर्जी कोटेशन व ब्लैकमेलिंग मामले में 73 वर्षीय ठेकेदार गिरफ्तार।

परवाणू 10 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

। पुलिस थाना परवाणू में दर्ज एक पुराने धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के अनुसार एफआईआर नंबर 24/2025 दिनांक 03 मार्च 2025 को धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी आईपीसी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मामला सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) दक्षिणी रेंज शिमला की जांच रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुआ था।


शिकायतकर्ता रजा राम भारती निवासी परवाणू ने आरोप लगाया था कि सतीश बेरी नामक व्यक्ति स्वयं को समाजसेवी बताकर लोगों व अधिकारियों को आरटीआई के माध्यम से परेशान कर ब्लैकमेल करता था और सरकारी काम अपने तथा अपने पुत्र के लिए हासिल करवाता था।

आरोपी स्वयं बिजली विभाग का ठेकेदार है, जबकि उसका पुत्र नगर परिषद परवाणू में सिविल कार्यों का ठेकेदार बताया गया है।


जांच में सामने आया कि परवाणू के श्मशान घाट के पास स्लम बस्ती सेक्टर-4 हिमुडा फ्लैट्स की बिजली टेस्ट रिपोर्ट आरोपी ने बिना कार्य किए तैयार कर नगर परिषद को सौंप दी और इसके एवज में राशि भी वसूली। जबकि संबंधित वायरिंग का कार्य हिमुडा ने टेंडर के माध्यम से किसी अन्य ठेकेदार से करवाया था।


पुलिस जांच के दौरान नगर परिषद परवाणू का पूरा रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच की गई। रिकॉर्ड के अवलोकन में पाया गया कि कार्य आवंटन के लिए मांगी गई तीन अनिवार्य कोटेशन फर्जी तरीके से तैयार की गई थीं और इन्हीं के आधार पर 11 जून 2020 को टेंडर प्राप्त किया गया।

उसी दिन 83 फ्लैट्स की टेस्ट रिपोर्ट तैयार कर बिल भी जमा कर दिया गया था। दस्तावेजों की कूटरचना सामने आने पर मामले में धारा 467 आईपीसी भी जोड़ी गई।
पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 10 फरवरी 2026 को आरोपी सतीश बेरी (73), निवासी सेक्टर-5 परवाणू को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष व विधिसम्मत तरीके से जारी है।