/बीबीएन में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई,

बीबीएन में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई,

126 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद

बद्दी/नालागढ़, 18 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

राजस्व जिला बीबीएन-बद्दी में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

उपायुक्त आबकारी विनोद सिंह डोगरा ने बताया कि गत दिवस नियमित निरीक्षण के दौरान नालागढ़ तहसील के गांव अभीपुर स्थित एक ढाबे पर छापेमारी की गई।

यह कार्रवाई सहायक आयुक्त आबकारी हंसराज के नेतृत्व में एसटीईओ चंद्रमोहन लठ, एएसटीईओ प्रदीप सिंह, निर्मला देवी और चालक देवेंद्र सिंह की टीम द्वारा की गई।

छापेमारी के दौरान मौके से बिना वैध परमिट/पास के 14 पेटियां (126 बल्क लीटर) देशी शराब बरामद की गई, जो हिमाचल प्रदेश में बिक्री हेतु निर्धारित पाई गई।

मामले में ढाबा मालिक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 की धारा 39 के तहत मामला दर्ज कर शराब जब्त कर ली गई है।

उपायुक्त आबकारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़ी अन्य सूचनाओं पर भी विभाग नजर रखे हुए है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक बीबीएन-बद्दी में अवैध शराब के 99 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की गई है तथा 15.53 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।

लोगों से अपील की गई है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही शराब खरीदें। बोतलों पर लगे होलोग्राम की जांच आबकारी विभाग की HPEMS ऐप के माध्यम से की जा सकती है। अवैध शराब की सूचना दूरभाष 01795-271212 पर दी जा सकती है, शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।