/दून विधानसभा क्षेत्र में पत्रकारों की राजनीति में बढ़ती सक्रियता

दून विधानसभा क्षेत्र में पत्रकारों की राजनीति में बढ़ती सक्रियता

आगामी पंचायत चुनावों में बैठाई जा रही है गोटियां

सोलन 19 फ़रवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश के दून विधानसभा क्षेत्र में पत्रकारों की भूमिका अब केवल खबरों तक सीमित नहीं रह गई है।आगामी पंचायत चुनावों में कुछ पत्रकारों द्वारा गोटियां बैठाने के लिए अहम भूमिका बताई जा रही है।

सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने वाले कई पत्रकार अब राजनीति के क्षेत्र में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने लगे हैं।

क्षेत्र में इस बदलते परिदृश्य ने नई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

जानकारी के अनुसार, दून क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार भारतीय जनता पार्टी में संगठन स्तर के अहम पद बैठ कर मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं।

वहीं लंबे समय से पत्रकारों का नेतृत्व करते आए कुछ अन्य पत्रकार भी अब समाज का नेतृत्व करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

माना जा रहा है कि आगामी पंचायत चुनावों में अपने-अपने समर्थकों को आगे बढ़ाने की रणनीति में इन पत्रकार-नेताओं की अहम भूमिका हो सकती है।

राजनीतिक विश्लेषकों की माने तो पत्रकार जमीनी मुद्दों, जनभावनाओं और स्थानीय समस्याओं को नजदीक से समझते हैं, इसलिए उनका राजनीति में प्रवेश कोई नई बात भी नहीं मानी जा रही है ।

हालांकि यह भी बड़ा सवाल है कि क्या “कलम के सिपाही” भविष्य में राजनीति में मजबूत पकड़ बना पाएंगे ? और क्या पारंपरिक राजनीतिक नेतृत्व ,पत्रकारों को नेतृत्व सौंपने के लिए तैयार होगा ?

फिलहाल दून विधानसभा क्षेत्र में पत्रकारों की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है और आने वाले समय में इसके प्रभाव पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।