/दिल्ली निर्मल धाम में शिवरात्रि और श्री परम चैतन्य पूजा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

दिल्ली निर्मल धाम में शिवरात्रि और श्री परम चैतन्य पूजा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

नई दिल्ली, 24 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा।

भारत की राजधानी स्थित सहज योगा शक्ति पीठ निर्मल धाम में गत 22 और 23 फरवरी को आयोजित महाशिवरात्रि पूजा एवं श्री परम चैतन्य पूजा में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा।

हर वर्ष की भांति इस बार भी पूजाओं का आयोजन निर्मल धाम प्रबंधन द्वारा किया गया, किंतु इस वर्ष भक्तों की संख्या ने सभी को अचंभित कर दिया।


आयोजन में लगभग सात हजार से उपर सहयोगियों के कूपन वितरित किए गए थे, अचानक बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण महा प्रसाद /लंगर व्यवस्था संभालने वाली टीम को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं।

सेवाभाव से जुटी टीम ने देर रात तक प्रसाद एवं लंगर वितरण का कार्य सुचारु रूप से संचालित किया।

पूजा में दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र जम्मू और उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। इसके साथ ही अमेरिका, इंग्लैंड, नेपाल तथा अन्य पश्चिमी देशों से आए सहज योगियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्राप्त हुआ।

पूरे परिसर में भक्ति, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक ध्यान, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।

आयोजन की सफलता पर प्रबंधन समिति ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के आध्यात्मिक आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।