औद्योगिक नगरी बीबीएन में बच्चों के गुम होने की अफवाहों के चलते लोगों और पुलिस में मतभेद।
बीबीएन 24 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) में छोटे-छोटे बच्चों के गुम होने की घटनाओं को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है।
सोशल मीडिया पर इन घटनाओं के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ होने की बातें कही जा रही हैं, हालांकि पुलिस प्रशासन ने ऐसी अफवाहों से स्पष्ट रूप से इनकार किया है और लोगों से भ्रामक संदेशों पर विश्वास न करने की अपील की है।
इसी क्रम में गत दिवस हैल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि बी.एल. स्कूल बद्दी के पास एक नन्ही बच्ची अकेली अवस्था में मिली है। सूचना मिलते ही महिला थाना बद्दी की पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित महिला थाना लाया गया।

थाने में बच्ची को महिला आरक्षी की देखरेख में रखा गया तथा उसके परिजनों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते कुछ ही समय में बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया गया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर दें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों को साझा करने से बचें।









