करीब 500 मरीजों ने उठाया लाभ।
सोलन (रामशहर )25फरवरी,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
वर्धमान टेक्सटाइल बद्दी एवं वर्ल्ड कैंसर केयर के संयुक्त तत्वावधान में आज रामशहर तहसील, जिला सोलन में एक विशाल निःशुल्क कैंसर जांच एवं स्वास्थ्य मेडिकल शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ तहसीलदार अभिषेक सिंह ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम में स्थानीय समाजसेवियों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने सक्रिय सहयोग दिया। शिविर की संपूर्ण व्यवस्था, संचालन एवं समन्वय का दायित्व गणपति एजुकेशनल सोसाइटी, कुनिहार द्वारा संभाला गया।

आयोजकों के अनुसार, इस चिकित्सा शिविर में लगभग 500 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह शिविर क्षेत्र की लगभग 15 पंचायतों के 20 से 30 हजार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

शिविर में जनरल चेकअप के साथ-साथ कैंसर जागरूकता, कैंसर जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त मरीजों को आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

जनरल स्वास्थ्य जांच में ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, रक्तचाप (बीपी) जांच, हड्डियों की जांच एवं आंखों की जांच शामिल रही। जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।

चिकित्सीय सेवाएं डॉ. ढिल्लों, डॉ. जसप्रीत, मिस माही सहित लगभग 20 से 25 सदस्यीय मेडिकल स्टाफ द्वारा प्रदान की गईं। स्थानीय समाजसेवी संस्थाओं ने शिविर को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिविर में आए लोगों के लिए जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके और गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।









