/एआई शिखर सम्मेलन विरोध मामला: शिमला में हाई-वोल्टेज ड्रामा।

एआई शिखर सम्मेलन विरोध मामला: शिमला में हाई-वोल्टेज ड्रामा।

दिल्ली पुलिस टीम शोघी बैरियर पर रोकी

शिमला, 25 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन प्रकरण में शामिल तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को शिमला में देर रात तक नाटकीय घटनाक्रम चलता रहा।

रोहड़ू क्षेत्र से युवाओं को हिरासत में लेकर जा रही दिल्ली पुलिस की टीम को हिमाचल पुलिस ने रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया, जिससे अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय पर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस तीनों कार्यकर्ताओं को लेकर प्रदेश से बाहर जा रही थी। इसी दौरान शिमला और सोलन के धर्मपुर क्षेत्र में नाके लगाकर हिमाचल पुलिस ने कार्रवाई की।

हिमाचल पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से पूर्व न तो स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया और न ही आवश्यक वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। ऐसे में कार्रवाई को प्रक्रियात्मक रूप से त्रुटिपूर्ण मानते हुए हस्तक्षेप किया गया।


दोपहर से शाम तक चले घटनाक्रम के दौरान शिमला पुलिस दिल्ली पुलिस टीम को जिला एवं सत्र न्यायालय लेकर पहुंची। शाम लगभग 7:30 बजे केंद्रीय गृह मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली पुलिस तीनों युवकों को अपने साथ ले जाने लगी। हालांकि, शोघी बैरियर पर हिमाचल पुलिस ने पुनः नाका लगाकर वाहन रोक लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही।

हिमाचल पुलिस का आरोप है कि तीन व्यक्तियों को बिना वैधानिक प्रक्रिया पूरी किए ले जाया जा रहा था। संबंधित एफआईआर की प्रति दिखाकर सहयोग की अपील की गई। वहीं दिल्ली पुलिस का दावा है कि 20 फरवरी को दर्ज मामले में अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया जा चुका है और तीनों युवकों की गिरफ्तारी विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत की गई है।

सूत्रों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस टीम को हिरासत में ले लिया। देर रात तक दोनों राज्यों की पुलिस के बीच कानूनी स्थिति को लेकर असमंजस बना रहा।

मामले पर आधिकारिक विस्तृत बयान की प्रतीक्षा है। यह घटनाक्रम अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय, अधिकार क्षेत्र और गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रियाओं को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न खड़े करता है।