/नालागढ़ में फैक्ट्री से 50 लाख की मशीन चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

नालागढ़ में फैक्ट्री से 50 लाख की मशीन चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

नालागढ़, 7 मार्च
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

नालागढ़ पुलिस ने फैक्ट्री परिसर से महंगी मशीन चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने चोरी की गई करीब 50 लाख रुपये कीमत की गियर बॉक्स मशीन बरामद कर ली है, जबकि वारदात में इस्तेमाल की गई हाइड्रा मशीन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता अनिल ठाकुर, एचआर मैनेजर, रिकाया इंटरप्राइजिज, राजपुरा रोड नालागढ़ ने पुलिस थाना नालागढ़ में शिकायत दर्ज करवाई थी।

शिकायत में बताया गया कि 18 फरवरी की रात करीब 10 बजे 4–5 अज्ञात व्यक्ति जबरन बंद पड़ी फैक्ट्री परिसर में घुस आए। आरोपियों ने वहां ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया और हाइड्रा मशीन की मदद से फैक्ट्री में रखी गियर बॉक्स मशीन को लोड कर चोरी कर ले गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना नालागढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 मार्च 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवतार सिंह उर्फ थोना निवासी गांव बाम्बिरपुर, डाकघर लोधी माजरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन और भजन निवासी गांव ढाणा, डाकघर भाटियां, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई गियर बॉक्स मशीन बरामद कर ली है और वारदात में इस्तेमाल की गई हाइड्रा मशीन को भी जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 7 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और इस्तेमाल किए गए अन्य वाहनों की तलाश जारी है। मामले की आगे की जांच जारी है।