/सोलन में जिला स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित।

सोलन में जिला स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित।

लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश


सोलन, 7 मार्च।

हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा


पुलिस लाइन सोलन के सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय अपराध समीक्षा एवं पुलिस कर्मियों के वेलफेयर से संबंधित मासिक बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में जिला सोलन के सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय व पुलिस लाइन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।


बैठक के दौरान वर्ष 2026 में जिला में दर्ज हुए विभिन्न आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान पर्यवेक्षक अधिकारियों और थाना प्रभारियों को थाना स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाते हुए उनकी अंतिम रिपोर्ट माननीय न्यायालय में भेजने के लिए भी कहा गया।


अधिकारियों को विशेष रूप से संगीन अपराधों, मादक पदार्थों से जुड़े मामलों और साइबर अपराधों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही इन मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर मामले की अंतिम रिपोर्ट संबंधित न्यायालयों में भेजना सुनिश्चित करने को कहा गया।


बैठक में थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों, युवाओं और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव तथा साइबर ठगी के बारे में जागरूक करने के लिए भी निर्देशित किया गया।


इसके अलावा जिला सोलन में तैनात पुलिस कर्मियों के वेलफेयर से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई और उनकी समस्याओं के समाधान पर विचार किया गया।

अधिकारियों ने सभी पुलिस कर्मियों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार, उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू अनिल कुमार शर्मा, उपमंडल पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झालटा, उप पुलिस अधीक्षक लीव रिजर्व सोलन अशोक चौहान सहित सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और पुलिस लाइन सोलन के कर्मचारी उपस्थित रहे।