शिमला 8 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ नयना वर्मा
आज आठ मार्च को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं के अधिकारों, उनके संघर्ष और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित है।

महिला दिवस का उद्देश्य महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और अवसर दिलाने के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करना भी है।
याद रहे कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत 20वीं सदी की शुरुआत में हुई। 1908 में न्यूयॉर्क (अमेरिका) में करीब 15 हजार महिला कामगारों ने बेहतर वेतन, काम के घंटे कम करने और मतदान के अधिकार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।

इसके बाद 1910 में डेनमार्क के कोपेनहेगन में अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन के दौरान जर्मनी की समाजसेवी क्लारा ज़ेटकिन ने महिलाओं के अधिकारों के लिए एक विशेष दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था । इस प्रस्ताव को 17 देशों की 100 से अधिक महिलाओं ने समर्थन दिया था ।
पहली बार 1911 में ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, जर्मनी और स्विट्ज़रलैंड में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया।
इसके बाद 1975 में संयुक्त राष्ट्र (United Nations) ने भी 8 मार्च को आधिकारिक रूप से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मान्यता दे दी थी।
आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, खेल, प्रशासन, व्यापार, पत्रकारिता ,देश की सुरक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में महिलाओं ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
एक महिला परिवार और समाज दोनों की आधारशिला होती है। वह मां, बहन, बेटी और पत्नी के रूप में भी परिवार को संभालती है और समाज को मजबूत बनाती है।
हालांकि आज महिलाओं ने काफी प्रगति की है, लेकिन अभी भी कई जगहों पर उन्हें असमानता, हिंसा और भेदभाव का सामना करना पड़ता है।हर क्षेत्र में पुरुष समाज की कटु मानसिकता महिलाओं के प्रति कहीं न कहीं झलकती ही रहती है।
इसलिए महिला दिवस समाज को विशेष संदेश देता है कि महिलाओं को समान अवसर, शिक्षा और सुरक्षा प्रदान करना समाज की जिम्मेदारी है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए जागरूकता का प्रतीक है। महिलाओं को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है ।नारी समाज का आईना है।
हमें महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करते हुए उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने में सहयोग करना चाहिए।
“जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज और देश की वास्तविक प्रगति संभव होगी।”
हिम नयन न्यूज़ की और से महिला शक्ति को बहुत बहुत बधाई।
जय हिंद!
नयना वर्मा, संपर्क+91 7807240853
email naina-nlg59gmail-com







