/प्रदेश पुलिस का विशेष नाका अभियान, 20 हजार से अधिक वाहनों की जांच

प्रदेश पुलिस का विशेष नाका अभियान, 20 हजार से अधिक वाहनों की जांच

176 स्थानों पर नाकाबंदी, एनडीपीएस एक्ट के 5 मामले दर्ज; 1.221 किलो चरस व 7 ग्राम चिट्टा बरामद

शिमला, 10 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा जन आंदोलन के तहत ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में 9 मार्च 2026 को पूरे प्रदेश में 24 घंटे का विशेष ‘इंटर-स्टेट’ और ‘इंटर-डिस्ट्रिक्ट’ नाका अभियान चलाया गया।


पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि जिला पुलिस, एसटीएफ और बटालियन की संयुक्त कार्रवाई के तहत प्रदेश भर में 176 चिन्हित स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की गई।

इस दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुल 20,230 वाहनों की गहन जांच की गई।


सघन जांच के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के तहत 5 अभियोग दर्ज किए गए, जिनमें 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इस कार्रवाई में पुलिस ने 1.221 किलोग्राम चरस और 7 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता प्राप्त की।

इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। मोटर वाहन अधिनियम के तहत 866 चालान किए गए, जबकि सीओटीपीए अधिनियम के तहत 12 चालान काटे गए।

अभियान के दौरान संदिग्ध पाए गए 21 व्यक्तियों के रक्त और मूत्र के नमूने भी विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सके।

यह पूरा अभियान आधुनिक तकनीकी निगरानी और अंतर-जिला समन्वय के साथ संचालित किया गया।

पुलिस विभाग के अनुसार यह राज्य स्तरीय अभियान खुफिया सूचनाओं और अंतर-जिला समन्वय के आधार पर संचालित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश में नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करना और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चिट्टा या अन्य नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत 112 नंबर या नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और युवाओं की सहभागिता से हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।