शिमला, 12 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के जिला शिमला के थाना जुब्बल पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 44.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 12 मार्च 2026 को धारा 21, 25 व 29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 44.15 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह (26 वर्ष) पुत्र गुरमाइज सिंह निवासी गांव डोनेमट्टर, तहसील गुरूहर्सहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब) तथा अमनप्रीत कौर (29 वर्ष) पत्नी मलकीत सिंह निवासी गांव मत्तर हियार, तहसील गुरूहर्सहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी इस चिट्टे की खेप को जुब्बल और रोहड़ू क्षेत्र के युवाओं को बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से अपील की है कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










