/धर्मपुर में 2 लाख के जेवरात चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार

धर्मपुर में 2 लाख के जेवरात चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार

सोलन, 13 मार्च,

हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

हिमाचल के जिला सोलन के पुलिस थाना धर्मपुर में दर्ज एक चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार FIR संख्या 38/2026 दिनांक 06 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस को दी शिकायत में धर्मपुर निवासी करण कुमार ने बताया कि 05 फरवरी 2026 को वह ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य सत्संग में गए थे। जब परिवार के लोग वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य गेट और दरवाजा खुला हुआ था तथा दरवाजे का ताला गायब था। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो चुके थे। चोरी हुए जेवरातों की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने मामले की जांच शुरू की और चोरी हुए जेवरातों व आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पुलिस थाना ठियोग (जिला शिमला) में एक व्यक्ति को निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और वह पहले भी कई चोरी की वारदातों में संलिप्त रहा है।


सूचना के आधार पर धर्मपुर पुलिस की टीम तुरंत ठियोग पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने 04 फरवरी 2026 को धर्मपुर क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।


पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी मोहमद शरीफ (55 वर्ष) पुत्र मोहमद गुलजार निवासी गांव कोटी चडीयार, डाकघर सुरजन चिलोग, तहसील बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) को 12 मार्च 2026 को पुलिस थाना ठियोग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज 13 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सोलन, अर्की, चंबा, हमीरपुर, मंडी और शिमला जिलों के विभिन्न पुलिस थानों में चोरी से जुड़े मामले शामिल हैं।


पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।