/बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध जिला पुलिस बद्दी का विशेष अभियान।

बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध जिला पुलिस बद्दी का विशेष अभियान।

उल्लंघन करने वालों के वाहन किए जा रहे जब्त

बद्दी 13 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

    पुलिस अधीक्षक बद्दी के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस बद्दी द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है ।

हाल ही में यह पाया गया है कि कई वाहन चालक अपनी गाड़ियों को बिना नंबर प्लेट लगाए सड़कों पर चला रहे हैं, जो कि यातायात नियमों का स्पष्ट और गंभीर उल्लंघन है ।

बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने से न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाई आती है, बल्कि किसी दुर्घटना अथवा आपराधिक घटना की स्थिति में वाहन की पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है ।

इस प्रकार का कृत्य मोटर वाहन अधिनियम, के अंतर्गत दंडनीय अपराध है ।

    जिला पुलिस बद्दी द्वारा इस संबंध में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है । नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर वाहन चालकों के विरुद्ध चालान किए जा रहे हैं तथा बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों को मौके पर ही जब्त (Seize) भी किया जा रहा है । इसी  कड़ी में आज दिनांक 13-03-2026 को TTR बद्दी द्वारा बिना नंबर प्लेट के दो मोटरसाइकिल के चालान करके उक्त मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया है जबकि इस वर्ष बिना नंबर प्लेट के चल रहे 22 वाहनों को बद्दी पुलिस के द्वारा जब्त किया गया है  । 





    बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए इस वर्ष जनवरी/ फरवरी माह में निम्नलिखित चालान किए गए हैं 

•   जनवरी 2026 के दौरान कुल 303  चालान । 
•   फरवरी 2026 के दौरान कुल 236 चालान । 

• मार्च 2026 के दौरान कुल 214 चालान ।

    जिला पुलिस अधीक्षक  विनोद धीमान ने सभी वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना कानूनन अपराध है वे अपने वाहनों पर वैध नंबर प्लेट अवश्य लगाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके । 




नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। । यदि कोई वाहन बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चलता पाया गया तो उसके विरुद्ध तुरंत चालान करने के साथ-साथ वाहन को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी और भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे ।