कालाबाजारी रोकने को विशेष टीमें गठित
शिमला, 13 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
प्रदेश में घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और इसके वितरण में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है। यह जानकारी मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने आज यहां दी।
उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार शीघ्र ही पिछली लागत के अनुरूप 20 प्रतिशत व्यावसायिक गैस सिलेंडर जारी करने जा रही है।
इसके अलावा मिट्टी तेल का पर्याप्त भंडारण भी उपलब्ध है, जिससे व्यावसायिक उपभोक्ताओं को ईंधन की किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मुख्य सचिव ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सर्वर पर गैस बुकिंग की व्यवस्था आज रात से शुरू हो जाएगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे केवल एक बार ही गैस बुकिंग करें, ताकि सर्वर पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी परिवारों को मिट्टी तेल उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके लिए प्रत्येक जिले में दो या तीन डीलर नियुक्त किए जाएंगे।
संजय गुप्ता ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सभी जिलों में विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें स्वतः संज्ञान लेने के साथ-साथ शिकायत मिलने पर भी आवश्यक कार्रवाई करेंगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना मिले तो इसकी शिकायत विभाग के टोल फ्री नंबर 1967 और 1100 पर दर्ज कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और इसकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।







