सोलन (बद्दी) 14 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
सोलन जिले के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बद्दी में लगभग 1 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए ओपीडी भवन का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

विधायक रामकुमार चौधरी ने बताया कि बद्दी अस्पताल को पिछले वर्ष 50 बिस्तरों से बढ़ाकर 100 बिस्तरों का अस्पताल किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को अधिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक तकनीकी उपकरण और आवश्यक चिकित्सा सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई है। नए ओपीडी भवन के शुरू होने से मरीजों को अधिक व्यवस्थित और बेहतर उपचार सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए सीएसआर के माध्यम से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक एनेस्थीसिया मशीन भी जल्द उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।

विधायक ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में पार्किंग की उचित व्यवस्था भी की गई है। बद्दी अस्पताल को आधुनिक अस्पतालों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जहां बेहतर भवन, आधुनिक उपकरण और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति भी शीघ्र की जाएगी। वर्तमान में अस्पताल में करीब 74 मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें गायनी, ऑर्थो, एनेस्थीसिया, एमडी मेडिसिन, जनरल ओपीडी के चिकित्सक, बीएमओ और मेडिकल सर्जन शामिल हैं।

कार्यक्रम के बाद विधायक रामकुमार चौधरी ने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई व्यवस्था और आधुनिक उपकरणों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि मरीजों को किफायती उपचार उपलब्ध कराने के लिए दवाइयों के साल्ट (जेनेरिक) नाम ही लिखे जाएं, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को कम लागत में उपचार मिल सके।
विधायक ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर नगर परिषद बद्दी के पूर्व अध्यक्ष मदनलाल चौधरी, सुरजीत चौधरी, पूर्व उपाध्यक्ष मोहनलाल चौधरी, पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कुलतार सिंह ठाकुर, पूर्व प्रधान मस्त मोहम्मद, राम लाल, बिंदु, महेंद्र राणा, हितेंद्र सोनू, जयपाल ठाकुर, योगराज भाटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, अस्पताल कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






