/मच्छर अगरबत्ती से टाटा सूमो में लगी आग, जिंदा जला व्यक्ति

मच्छर अगरबत्ती से टाटा सूमो में लगी आग, जिंदा जला व्यक्ति

जबलपुर (मध्य प्रदेश)14 मार्च

हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा


मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक व्यक्ति टाटा सूमो वाहन के अंदर जिंदा जल गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की एक दुकान भी इसकी चपेट में आ गई और वह भी जलकर खाक हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति ने मच्छर भगाने के लिए अगरबत्ती (Mosquito Coil) जलाई थी। आशंका है कि इससे वाहन के अंदर पड़े कूड़ा-कचरे में आग लग गई।

आग तेजी से फैलने के कारण वह वाहन से बाहर नहीं निकल पाया।

बताया जा रहा है कि टाटा सूमो काफी पुरानी थी और उसके अंदर बड़ी मात्रा में कचरा और प्लास्टिक जैसी ज्वलनशील सामग्री भरी हुई थी, जिससे आग तेजी से भड़क गई।

घटना सिहोरा के वार्ड नंबर-3 की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक लावारिस था और पिछले कई वर्षों से इलाके में खड़ी एक पुरानी टाटा सूमो में ही रह रहा था।

लोगों ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और आसपास से कूड़ा-कचरा व पन्नियां इकट्ठा कर उसी गाड़ी में भरकर रखता था। वह अक्सर गाड़ी के पास ही खाना बनाता और रात को उसी वाहन के अंदर सो जाता था।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।