/नालागढ़ में फायरिंग, युवक घायल।

नालागढ़ में फायरिंग, युवक घायल।

देसी कट्टे से की गई फायरिंग, घायल को PGI चंडीगढ़ रेफर

नालागढ़ (सोलन), 17 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश में नालागढ़ के वार्ड नंबर 02 में मंगलवार को फायरिंग की एक घटना सामने आई, जिसमें एक युवक घायल हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी दिशांत उर्फ दिशू ने अपने एक परिचित पर देसी कट्टे से फायर किया। इस दौरान पीड़ित के हाथ में गोली लगी, जबकि कुछ छर्रे उसके पेट में भी लगे हैं।

घायल को तुरंत सिविल अस्पताल नालागढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (BBN) क्षेत्र में कानून व्यवस्था को किसी भी स्थिति में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।